लोकप्रिय पोस्ट

बुधवार, दिसंबर 22, 2010

शाम के साए में कोई बादल जैसे


शाम के साए में कोई बादल जैसे 
उसके शानों पे उलझा आँचल जैसे 

सुर्खी फलक पे थी काबिज कुछ यूँ 
गिरा हो उन आँखों से काजल जैसे 

वो खूबसुरत बदन संगमरमरी, वाह 
लगता है पैरहन कोई मलमल जैसे 

उसकी साँसों से हवा यूँ महकी हुई 
घुल गया हो मौसम में संदल जैसे 

सरे बज़्म जिसपे पड़ें नजरें नशीली 
फिरे हर बशर होकर के पागल जैसे 

सोमवार, दिसंबर 20, 2010

तेरे बगैर.....


तन्हा तन्हा सा हुआ हर मंजर तेरे बगैर 
वीरान सा दिखता है अब ये घर तेरे बगैर 

जर्द जर्द सा है मौसम, घटाएं सीली सीली 
धुंआ धुंआ सी लगे है शामो सहर तेरे बगैर

फलक पे चाँद तारों का निशाँ नहीं मिलता
सब खाली खाली सा आता नज़र तेरे बगैर 

गिला किससे करें किसको गम कहें अपना 
हंसती रहती है बस ये चश्मे-तर तेरे बगैर 

सहरा सा हो चला अब तो आलम ये सारा 
कहीं गुल है, ना समर, ना शजर तेरे बगैर 

बेसबब ही भटकते हैं अब तो यहाँ वहां हम 
हावी वहशत है जेहन पे इस कदर तेरे बगैर

गुरुवार, दिसंबर 16, 2010

किसी सहर की ताजगी तुम हो


किसी सहर की ताजगी तुम हो 
गुलों की हसीन सादगी तुम हो 

नहीं जाता मैं सजदे में कहीं पे 
मेरा खुदा तुम हो बंदगी तुम हो 

मेरे तरन्नुम पे रक्स करती हुई 
अब ख्यालों की मौशिकी तुम हो 

यूँ ही नहीं गुम तुम्हारे प्यार में 
मेरी अहद-ए-आशिकी तुम हो 

सांस भी लूँ तो तुम्हारा ख्याल आये 
लगता है के जैसे जिन्दगी तुम हो 

शुक्रवार, दिसंबर 10, 2010

कभी अपने डर से निकला करो


कभी अपने डर से निकला करो 
बे-सबब ही घर से निकला करो 

हम तो हाथ थाम लेंगे तुम्हारा 
इस भरोसे पर से निकला करो 

सिवा दर्द के ये कुछ नहीं देता 
यादों के सफ़र से निकला करो 

गैरों से रख लो तर्के-ताल्लुक 
मेरे भी इधर से निकला करो 

रात में तुम जुगुनू बनकर अब 
अंधेरों के शहर से निकला करो 

इश्क की राहें इतनी आसान नहीं
मियां थोडा सबर से निकला करो 

"राज़" कभी ख्याल भी समझो 
ग़ज़ल-ओ-बहर से निकला करो 

गुरुवार, दिसंबर 09, 2010

अंदाज-ए-बयां और भी शायराना रहता है




अंदाज-ए-बयां और भी शायराना रहता है 
जब उनकी याद और दर्द का ज़माना रहता है 

मेरी आँखें यूँ ही छलक पड़ती हैं अचानक 
जेहनो-दिल में जब कोई लम्हा पुराना रहता है 

मेरे हर्फों में नया कुछ तो होता नहीं अब 
हाल ज़ख्मों का ही बस अपने सुनाना रहता है 

जाने कैसी है खुदा की हमपे ये इनायत 
बर्क की नज़रों में मेरा ही आशियाना रहता है 

दर्द की जब भी बढ़ जाती हैं यूँ ही लज्जतें 
आलमे-वहशत में फिर हर इक दीवाना रहता है 

शुक्रवार, दिसंबर 03, 2010

जिन्दगी.....



जाने कैसी है ये बेरंग जिन्दगी 
चाहता हूँ बस तुम्हारे संग जिन्दगी 


ना सलीका है कोई ना तरीका है 
कट रही है यूँ ही बेढंग जिन्दगी  


मैं इससे और ये है मुझसे उलझी हुई 
ख्यालों से मेरे हुई अब तंग जिन्दगी 


किसी मोड़ पर जीत तो हार है कभी 
उम्र भर को रहेगी क्या जंग जिन्दगी 


ना जाने कब कहाँ ये डोर टूट जाए 
फलक पे उडती जैसे कोई पतंग जिन्दगी 


कोई ख्वाहिश न कर अब इससे 'राज' तू 
काट ले बस यूँ ही होके मलंग जिन्दगी 

बुधवार, नवंबर 24, 2010

क्या कहे.....



है दिल जैसे कोई मुसीबत क्या कहें 
कैसे कटती है शबे फुरकत क्या कहें 

देखकर शरमाये, ना देखे तो भटके 
नहीं माह को कहीं है राहत क्या कहें 

और तेरी याद तो दर्द भी है सुकून भी 
बड़ी अजब सी है ये गफलत क्या कहें 

अजनबी सा लगने लगा हूँ मैं खुद को 
जब से हुई है तुमसे मुहब्बत क्या कहें 

इस बज़्म में तन्हाई सी लगे है अब तो 
इश्क की अजब सी ये वहशत क्या कहें 

कोई नज़रों में सिवा तेरे नहीं उतरता 
इनको भी हुई है तेरी आदत क्या कहें

शुक्रवार, नवंबर 19, 2010

जो दीवाना है वो तो बस दीवाना रहता है


उनके होठों पे फिर इक नया बहाना रहता है 
जब भी किये वादे पे उन्हें ना आना रहता है  

और हम नहीं के उनपे तोहमते लगाया करें 
हमे तो हर लम्हा इंतज़ार में बिताना रहता है 

नाम कुछ भी रख लो, रांझा, मजनू या महिवाल 
जो दीवाना है वो तो बस दीवाना रहता है 

हिज्र में ये आँखें बरसती हैं रात-रात भर 
जेहन में यादों के अब्र का आना-जाना रहता है 

उनके दीद को नज़रें राहों पे लगी रहती हैं 
ख्यालों के साज़ पे बस उनका ही तराना रहता है 

अपनी तन्हाई की बज़्म रास बहुत आती है 'राज़' 
यहाँ का दर्द-ओ-अलम बहुत पहचाना रहता है 

बुधवार, नवंबर 17, 2010

मुझको तो ना जाने कैसा गुमान रहता है


मुझको तो ना जाने कैसा गुमान रहता है 
उसके इंतज़ार में भी, इत्मिनान रहता है 

और उसने छत पे टहलना छोड़ा है जबसे  
उसके शहर का हर शख्स परेशान रहता है 

खलिश किसी रिश्ते में आ गयी जब यारों  
ज़ख्म भर भी जाए मगर निशान रहता है 

मेरे बुजुर्ग जब तलक हैं नज़रों के सामने    
पाओं में ज़मीं है सर पे आसमान रहता है 

इश्क के सफ़र में तो मंजिल नहीं मिलती 
कदम-कदम पे बस नया इम्तेहान रहता है 

उसकी याद और वहशत का आलम ऐसा  
जो कफस में परिंदा कोई बेजुबान रहता है 

जिन्दगी से जब भी उकता गया है ये"राज़" 
फिर लिखता रोज़ वो इक दास्तान रहता है 

सोमवार, नवंबर 15, 2010

मुहब्बत का अजब चलन देख रहा हूँ


मुहब्बत का अजब चलन देख रहा हूँ
आज उस चेहरे पे शिकन देख रहा हूँ

ये कैसी है फिजा में खामोश लहर सी
के शजर के काँधे पे थकन देख रहा हूँ

वो जलना, मचलना, लहराना, बहकना
चराग-ओ-शमा का बांकपन देख रहा हूँ 

रुत-ए-हिज्र और जेहन में याद उसकी
खारों से सज़ा कैसा चमन देख रहा हूँ

झुक गयीं पशेमानी से वो तो ज़फ़ा की
वफ़ा की हवा का खूब फन देख रहा हूँ

आह ने तहरीर को यूँ चूम क्या लिया
दर्द में भी में लुत्फे-सुखन देख रहा हूँ