लोकप्रिय पोस्ट

रविवार, जून 20, 2010

खूबसूरत ग़ज़ल हो जाए....


तुम्हारी याद का गर एक भी पल हो जाए 
समझो फिर तो खूबसूरत ग़ज़ल हो जाए 

जो इश्क का सामान अपने घर रखता हो 
सौदा बेवफाई का हो तो वो पागल हो जाए 

तुम भी खामोश और हम भी रहे चुप जो 
फिर कहो कैसे कोई मसला हल हो जाए 

बहुत हुए जीने को मुझे कुछ लम्हे पुराने 
सोचता हूँ के क्यूँ कोई रद्दो-बदल हो जाए 

माना के हूँ काफिर पर डरता भी बहुत हूँ 
मुलाकात ना खुदा से रोजे-अजल हो जाए 

शुक्रवार, जून 11, 2010

दिल का हाल लिख रहा हूँ


ख्वाब लिख रहा हूँ मैं ख्याल लिख रहा हूँ 
ग़ज़ल में अपने दिल का हाल लिख रहा हूँ 

मैं हूँ काफिर या हूँ, मुसलमाँ मेरे अहबाबों 
उलझनों में उलझा, ये सवाल लिख रहा हूँ 

घर के चराग ने जब लगा दी आग घर को 
तूफां से हो अब कैसा मलाल लिख रहा हूँ 

कैसे मैं अपने आप को देता हूँ धोखा यहाँ 
लबों पे हंसी आँखों में शलाल लिख रहा हूँ 

ये दीवारों दर मेरी ऩजर आती हैं बेगानी सी 
अपने ही घर से है हुआ बवाल लिख रहा हूँ 

लौट कर नहीं आते वो लम्हे जो गुजर जाएँ 
जाने क्यूँ मगर उम्मीदे-विसाल लिख रहा हूँ 

और वो है के कहता है अब भूल जाओ मुझे 
इक यही नहीं होता कारे-मुहाल लिख रहा हूँ 

सोते सोते रातों को बस जाग जाता हूँ "राज" 
इंतजार किसी का यूँ सालों साल लिख रहा हूँ 
***************************
कारे-मुहाल--Difficult work

बुधवार, जून 02, 2010

खो गया है मेरी दीवारों दर का पता




खो गया है मेरी दीवारों दर का पता 
नहीं मिलता मुझे मेरे घर का पता 

यूँ चल तो रहा हूँ दुनिया की भीड़ में 
ना मंजिल का पता ना सफ़र का पता 

जो मिटा दे यहाँ शब् की तासीर को 
ले के आये कोई ऐसी सहर का पता 

ज़माने को क्या फ़िक्र तन्हाई की मेरी 
ढूंढे कौन दश्तो में तन्हा शजर का पता 

यूँ देखकर के आइना मुझे हैंरान क्यूँ है 
क्या मुझमे है किसी वीराँ शहर का पता 

अपने माजी का उसपे क्या इल्जाम दूँ 
रखता हूँ गुमनाम दर्दे-जिगर का पता 

ऐसे आने से तो बहतर था न आना तेरा




कुर्ब के दो लम्हे देके फिर वो जाना तेरा
ऐसे आने से तो बहतर था न आना तेरा

बड़ा परीशां करता है ये मंजर आज हमे 
घटाओं के साथ जुल्फों का लहराना तेरा 

हासिल मुझे वफ़ा का मेरी शायद ये रहा 
मेरे अश्क बहे और हुआ मुस्कराना तेरा 

हैरत में कर गयी रफाकत की ये भी अदा 
बज्म में साथ रकीब के मुझे बिठाना तेरा 

मेरी तश्नगी की कभी कदर ना हुई तुझसे 
गैरों की लिए रहे जाम-ओ-मयखाना तेरा 

मेरी किस्मत में लिख दी है तन्हाई कैसी 
हर सांस में चलता है अब अफसाना तेरा 

तेरी फितरत है जफा तो जफा कर ले तू 
'राज' तो रहेगा बस उम्र भर दीवाना तेरा

मंगलवार, जून 01, 2010

और वो हमको क्या समझे


हम उनको देखो क्या समझे थे और वो हमको क्या समझे 
जिन्हें दिल का खुदा रखा था...... वो हमको बेवफा समझे 

मेरी महफ़िल में आकर भी......वो साथ गैरों के बैठे हैं 
मेरा दिल बस जलाना है....हम इसको भी अदा समझे 

इन यादों के चरागों से...अब घर में रौशनी क्या हो 
बहुत बेख़ौफ़ तूफां है ये.....हम तो बादे सबा समझे 

रवानी अश्कों की मेरे...कभी जब थम सी जायेगी 
वो दिन होगा अजल का और आएगी क़ज़ा समझे 

सितारे टूट कर के आसमाँ से......जब गिर रहे होंगे 
कुबूल होने लगी होगी..उनकी इक और दुआ समझे 

यहाँ सब कुछ हारने वाला......सच में जीत जाता है 
इश्क ऐसी तिजारत है....के दिल खोया नफा समझे 

जब तक के नहीं मिटता...शम्मा उसको नहीं मिलती 
नाम रखा है परवाना...... तो खुद को तू जला समझे 

अजब संजीदगी उसने.......मेरी गलियों में भर दी है 
खिजा की रुत में गुल देखो..फ़ज़ा समझे फ़ज़ा समझे 

उसकी आँखों में अब भी तो...ख्वाब मेरा झलकता है 
ग़ज़ल वो अपनी कहता है....लोग लहजा मेरा समझे 

है फितरत दिल की ये अपने........ज़माने से जुदा रहना 
के जख्म खाकर भी रहते हैं, "राज" तो खुशनुमा समझे

बुधवार, मई 26, 2010

कभी ख्वाबों तो कभी ख्यालों में कटी रात


कभी ख्वाबों तो कभी ख्यालों में कटी रात 
उसने जो बख्शे थे उन शलालों में कटी रात 

हवा की आहट से भी उसका अहसास हुआ 
दिल में चले ऐसे कुछ बवालों में कटी रात 

"एक मेरा ही दिल था क्या टूटने के लिए"
दर्द से काबिज इन्ही सवालों में कटी रात 

सहर के इन्तजार में थक कर वहशी हुए 
हिज्र के लम्हे की तरह सालों में कटी रात 

काश अपनी वफ़ा हम उसपे जाहिर करते 
पर अब क्या हो, बस मलालों में कटी रात 

सुकूँ के दो लम्हे "राज" यूँ हुए थे नसीब 
जब मयखाने के रंगीं प्यालों में कटी रात

गुरुवार, मई 20, 2010

हम ग़ज़ल सुहानी लिख बैठे



छोटी सी कहानी लिख बैठे 
मौसम की रवानी लिख बैठे 
जब भी उसका जिक्र हुआ 
हम ग़ज़ल सुहानी लिख बैठे 

उसके चेहरे को सहर लिखा 
आरिज को दोपहर लिखा 
जुल्फों को काली रात लिखी 
आँखें मस्तानी लिख बैठे 
जब भी उसका जिक्र हुआ 
हम ग़ज़ल सुहानी लिख बैठे

खिजा की रुत को फ़ज़ा लिखा 
दिल का उसको खुदा लिखा 
नादाँ सी वो जब याद आई 
पगली दीवानी लिख बैठे 
जब भी उसका जिक्र हुआ 
हम ग़ज़ल सुहानी लिख बैठे

आलम का उसको नूर लिखा 
कुछ पास तो कुछ-2 दूर लिखा 
उसके आमद की आहट पे 
धड़कन आनी जानी लिख बैठे 
जब भी उसका जिक्र हुआ 
हम ग़ज़ल सुहानी लिख बैठे

मंगलवार, मई 18, 2010

इतना रोये के हम फिर मुस्कराना भूल गए


इतना रोये के हम फिर मुस्कराना भूल गए 
तेरे बाद किसी को अपना, बनाना भूल गए 

तुमने यूँ कहा तो था के अब याद ना करना
यही बात बस हम दिल को बताना भूल गए 

शब् ढलती रही और ये सहर भी चलती रही
जाने क्यूँ मगर हम खुद को सुलाना भूल गए 

मेरा कातिल क़त्ल करके मेरे सामने ही रहा 
एक हम के उसपे इल्जाम, लगाना भूल गए

गुरुवार, मई 13, 2010

आज फिर उसी के नाम से बिखर जाऊँगा


आज फिर उसी के नाम से बिखर जाऊँगा 
गर मयकदे न गया तो शायद मर जाऊँगा 

ना कर फिकर मेरी डूबती नब्जो की अब 
दरिया हूँ ठहरा जो कहीं तो उतर जाऊँगा 

मुसाफिर हूँ इस बेरंग सी शब् का मैं तो 
जैसे गुजरेगी शाम मैं भी गुजर जाऊँगा 

तुम गैर की महफ़िल में रंगीनियाँ होना 
मैं जुल्मतो में खुद ही ता-सहर जाऊँगा 

शउर नहीं मुझे अपनी सोचो पे रह गया 
जिधर ले जाए मंजिल मैं उधर जाऊँगा 

मेरे अफ़साने मेरे बाद अंजुमन में होंगे 
जाते-२ गजलों में दे ऐसा असर जाऊँगा

जा रहे हो तो इक जरा इधर देख लेना




जा रहे हो तो इक जरा इधर देख लेना 
तुम्हारे बगैर है ये तन्हा घर देख लेना 

जाने कैसी ख्वाहिश इनमे दे रखी है 
तुमको जो तकती हैं नजर देख लेना 

लौटोगे इस उम्मीद में ये शहर रहेगा 
वक़्त-ए-रुखसत पे मुड़कर देख लेना 

सूनी गलियां बस तुझको ही पुकारेंगी 
सूने आँगन की दीवारों-दर देख लेना 

कहीं जब दिल कोई दुखायेगा तुम्हारा 
मेरी भी रहेंगी ये चश्मे तर देख लेना 

यूँ तो चुप रहेगा ये गुलशन उम्र भर 
मगर होगा मुंतजिर शजर देख लेना 

माना के भुला दोगे ये जज्बा है तुम में 
याद करके ख्यालो में मगर देख लेना