लोकप्रिय पोस्ट

मंगलवार, जनवरी 15, 2013

क्या-2, ये जिंदगानी देगी ....




नयी मुश्किलें औ' नयी परेशानी देगी 
चंद रोज में क्या-2, ये जिंदगानी देगी 

बंज़र ख्यालों की रोज खेती करता हूँ  
कभी ना कभी तो ग़ज़ल सुहानी देगी 

लुटती आबरुयें, मक्कार सियासत'दां   
बस यही सब क्या हमे राजधानी देगी 

तरसी आँखें, तन्हा दिल, खामोश लब  
बेशक मोहब्बत कुछ तो निशानी देगी 

पाँव खुद-ब-खुद खिंच जायेंगे उस ओर 
मंजिल दिखाई जो तुमको पुरानी देगी 

मुफलिसी खिलौने नहीं खरीदने देती 
मेरे बच्चे को सुकून कोई कहानी देगी 

ज़हर बुझी बात है तुम्हारी 'राज़' मगर  
जिसे लगेगी उसको सोच सयानी देगी 

मंगलवार, जनवरी 08, 2013

दिल में बाकी पिछली सर्दियाँ रह जायेंगी.....




सूनी, गुमसुम, खामोश बस्तियाँ रह जायेंगी 
खिज़ा आयी तो बस सूखी पत्तियाँ रह जायेंगी 

अबके हिज्र का दिसंबर शायद मैं भुला भी दूं 
पर दिल में बाकी पिछली सर्दियाँ रह जायेंगी 

मुझको मालूम है ये के, तुम न आओगे मगर 
याद करती तुमको मेरी हिचकियाँ रह जायेंगी 

पलट के जब कभी मैं माजी की तरफ देखूंगा
आँखों में लहू, होठों पे सिसकियाँ रह जायेंगी  

है दुआ के खुदा तुमको सुकूँ की जिंदगी बख्शे 
हमारे हक में पुरानी सब चिट्ठियाँ रह जायेंगी 

बुधवार, जनवरी 02, 2013

ता-जिन्दगी ये दिल न कोई आरज़ू करे.....




'आप' से 'तुम' और फिर तुम से 'तू' करे 
हमसे वो इस तरह से कभी गुफ्तगू करे 

इक बार आ कर बस लगे यूँ ही सीने से  
ता-जिन्दगी ये दिल न कोई आरज़ू करे 

ये वो शय है जो के मिलती है नसीबों से 
मोहब्बत की कोई कभी ना जुस्तजू करे 

सारे ऐब-ओ-हुनर आ जाएंगे फिर नज़र 
कभी आईने को जो तू खुद से रु-ब-रु करे

कुछ नहीं हासिल है रंजिश से मेरे दोस्त 
बढाये नफरतें को ये और जाया लहू करे 

बड़ा दुखे है दिल फिर इस प्यारे शहर का 
तार-तार जब कोई दिल्ली की आबरू करे  

उस को दिल से है "राज़" निकालना ऐसे   
फूलों से जुदा जैसे कोई के रंग-ओ-बू करे 

शनिवार, दिसंबर 29, 2012




बुरी थी वो आदत, छोड़ दी 
लो हमने शराफत छोड़ दी 

जाना के कुछ नहीं हासिल 
फिर क्या इबादत छोड़ दी 

ये भी मजाक ही है मियाँ 
झूठ ने सियासत छोड़ दी 

मौसम-ए-खिज़ा में पत्तों ने  
शज़र से मुहब्बत छोड़ दी

इल्जाम सब उसपे ही लगे 
वो जिसने बगावत छोड़ दी  

नाम ही दिल्ली रह गया बस    
दिल की तो रवायत छोड़ दी  

शनिवार, दिसंबर 22, 2012

लम्हों लम्हों में बस ढलता रहा...




लम्हों लम्हों में बस ढलता रहा 
ये वक़्त रुका न, फिसलता रहा 

जिसने न की कभी क़दर इसकी 
वो उम्र भर बस हाथ मलता रहा   

गयी रुतें तो, वो पत्ते भी चल दिए 
सहरा में तन्हा शजर जलता रहा 

दोस्त समझ के जिसे साथ रखा 
आस्तीनों में सांप सा पलता रहा 

उसकी यादों की गर्मी में, बर्फ सा  
रोज कतरा कतरा मैं गलता रहा 

मंजिल की दीद हुई न कभी मुझे 
ता-उम्र मैं सफ़र पे ही चलता रहा 

उसके जाने का गम तो नहीं पर  
ना लौटने का वादा खलता रहा 

शनिवार, दिसंबर 01, 2012

खिड़कियाँ खोलो के अन्दर रौशनी आये




खिड़कियाँ खोलो के अन्दर रौशनी आये 
वीरान घर में फिर से कुछ जिंदगी आये 

ख्वाब आँखों के आवारा हुये जाते हैं देखो  
शब् से कहो के उनको थोड़ा डांटती आये 

खुशबू-ए-अहसास जो लफ़्ज़ों में ढले तो    
सफहों पे महकती हुई फिर शायरी आये 

मकसद वजूद का यूँ हो जाये मुक़म्मल 
काम आदमी के जब कभी आदमी आये 

यूँ तो खुदा से कोई दुश्मनी नहीं हैं मगर 
रास हमे खुदाई से ज्यादा काफिरी आये 

सहरा के सुलगते दिल ये ही सोचते होंगे 
कभी दरिया के हक में भी तश्नगी आये 

"राज़" कुछ नहीं आरज़ू इक सिवा इसके 
के उसकी बांहों में ही सांस आखिरी आये 

शुक्रवार, नवंबर 30, 2012

कलम चली है कहीं कोहराम ना कर दे




लफ़्ज़ों की दहशत अजब काम ना कर दे 
ये कलम चली है कहीं कोहराम ना कर दे

बात कडवी मगर सच ही तो रहती हमेशा 
चुप बैठा हूँ, कहीं क़त्ल-ए आम ना कर दे
 
सन्नाटे में गुजर इक हद तक ही है वाजिब 
हद जरा भी बढ़े तो जीना हराम ना कर दे

लत शराब औ' शबाब की अच्छी नहीं होती 
कहीं ये घर बार तक तेरा नीलाम ना कर दे 

जो सियासी लोग हैं उनसे जरा बच के रहिये 
इनसे दोस्ती कहीं आपको बदनाम ना कर दे 

गुरुवार, नवंबर 29, 2012

तिरी याद का दिसंबर.....




वही तन्हाई, वही ख़ामोशी, वही बियाबान मंजर 
लौट के आ गया है फिर से तिरी याद का दिसंबर 
जल उठे हैं वही पुराने कुछ अरमान दिल के अंदर 
लौट के आ गया है फिर से तिरी याद का दिसंबर

कुछ सुलगती हुयी साँसे तो कुछ तरसती निगाहें 
और पतझड़ की रुत में जैसे सब वीरान हुयी राहें 
आहों के जलते शोले और उसपे आँखों का समंदर 
लौट के आ गया है फिर से तिरी याद का दिसंबर

मौसमों की बर्फ़बारी और रातों की लंबी बेक़रारी 
एक एक लम्हा भी सदियों पे हो रहा हो जैसे भारी 
शायद ये पूछने के रहता हूँ कैसे तुझसे बिछड़कर 
लौट के आ गया है फिर से तिरी याद का दिसंबर

कानों को मेरे छूकर के जब भी ये गुजरेंगी हवाएं 
नाम तेरा मुझको ही हर दफे बस जायेंगी बताएं 
हिचकियों में ही होगी अब तो यहाँ अपनी गुजर 
लौट के आ गया है फिर से तिरी याद का दिसंबर

सोमवार, नवंबर 12, 2012

समझो मेरे हालात ये अशआर देखकर



यूँ ही ना जानो इन्हें तुम बेकार देखकर 
समझो मेरे हालात ये अशआर देखकर 

उसके चेहरे पे रुकी हैं कब से मेरी नज़रें   
जलता हूँ अपनी ताकते दीदार देखकर 

मुहब्बत के फिर पढने लगता हूँ कशीदे 
आऊं अल्हड़ सा जब मैं किरदार देखकर  

देखो तो ये बावरा सा इधर उधर फिरे है 
चाँद भी आया है उसका रुखसार देखकर 

फिर वो ही बासी-पुरानी ख़बरें मिलेंगी 
क्या करना है छोड़िये अख़बार देखकर.

अपने वोट की कीमत पहचान बसर तू 
अबके संसद में भेजना सरकार देखकर

कैसे तुम्हे ''राज़'' अपनी ग़ज़ल सुना दें 
तुम दाद भी देते हो तो फनकार देखकर 

शुक्रवार, नवंबर 09, 2012

ज़ख्मों का ये दरख़्त तब हरा होगा...



ज़ख्मों का ये दरख़्त तब हरा होगा 
इन आँखों में जब सावन भरा होगा 

झूठ है के हिमालय से वो गंगा लाये 
ये ऐसा काम हम जैसे ने करा होगा 

मेक'अप नहीं चेहरे की शिकन देखो 
कैसे दिल पे उसने पत्थर धरा होगा 

गाँव की हवाओं में फिर से मातम है 
किसी घर में कोई किसान मरा होगा 

शक की उसपे ना बुनियाद हो "राज़" 
दिल से जो होगा वो रिश्ता खरा होगा